ओडिशा से गांजा खरीदने आए थे एमपी और यूपी के 4 बदमाश, महासमुंद के बसना पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा

महासमुंद। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की, तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन नाकाबंदी के दौरान एक हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9-10 अगस्त 2026 की, दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर चेकिंग के दौरान ओडिशा की, ओर से आ रही बिना नंबर की, मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार (अस्थायी प्लेट MP07/C0011/TC) को रोका गया। कार सवार व्यक्तियों के संदिग्ध आचरण पर तलाशी ली गई, तो कार के डैशबोर्ड से एक .315 बोर का देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा आरोपियों के पास से 3 लाख 25 हजार रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने खुलासा किया कि, वे आपराधिक षड्यंत्र के तहत ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने आए थे। रास्ते में पुलिस या किसी अन्य बाधा से निपटने और हमला करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने पास देशी कट्टा रखा था। हालांकि, गांजा सप्लायर से संपर्क न हो पाने के कारण वे वापस लौट रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम उमाशंकर शर्मा (41 वर्ष) – निवासी भिंड (मध्यप्रदेश), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27 वर्ष) – निवासी भिंड (मध्यप्रदेश), शिवम शर्मा (26 वर्ष) – निवासी भिंड (मध्यप्रदेश), शनि सिंग उर्फ संदीप (32 वर्ष) – निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) बताया गया है।
आरोपियों से नगद राशि ₹3,25,000, 01 देशी कट्टा (.315 बोर) एवं 03 जिंदा कारतूस के साथ 01 मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार (कीमत लगभग ₹15 लाख) और 04 मोबाइल (कीमत लगभग ₹1 लाख) जब्त किया गया है। बसना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।



