स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का शिविर, उपभोक्ताओं ने मीटर बदलने सौंपे आवेदन

बागबाहरा | प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा की, ओर से स्मार्ट मीटर के विरोध में शनिवार को वार्ड क्रमांक 8 में विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर हटाने व बदलने की मांग को लेकर आवेदन सौंपे।
शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की, समस्याएं सुनीं। लखबीर सिंह छाबड़ा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की, शिकायत है, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से परेशान है। उन्होंने कहा कि, स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष है और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। श्री छाबड़ा ने कहा कि, आने वाले समय में बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वे स्वयं बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर मीटर बदलने अथवा हटाने के लिए आवेदन देंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका बागबाहरा अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू, निशा यादव, गिरीश पटेल, नवनीत सलूजा, पंचराम यादव, दिनेश मोगरे, राजेश सोनी, पंकज हस्पाल, अशोक अग्रवाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



