छत्तीसगढ़

महासमुंद में अवैध सूदखोरी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो अलग-अलग मामलों में करोड़ों के लेन-देन का खुलासा, ब्लैंक चेक, दस्तावेज और गिरवी आभूषण जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध सूदखोरी और सोना-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई की है। बसना और सांकरा पुलिस की, कार्रवाई में करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, बैंक पासबुक, स्टांप, गिरवी रसीदें और गलाया गया सोना सहित कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई है।
पहले मामले में बसना पुलिस ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर बसना निवासी आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, 9 ऋण पुस्तिकाएं, जमीन से संबंधित दस्तावेज और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री से बड़े पैमाने पर अवैध वित्तीय लेन-देन और सूदखोरी से जुड़े नेटवर्क की, आशंका जताई जा रही है। वहीं, दूसरे मामले में सांकरा स्थित श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल पर गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोगों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने का आरोप है। आरोप है कि, ज्वेलर्स संचालक गिरवी रखे गए आभूषणों को गलाकर उनका स्वरूप बदल देता था और ऋणियों द्वारा अपने आभूषण वापस मांगे जाने पर उन्हें लौटाने से इनकार कर रहा था। इस मामले में सांकरा पुलिस ने आरोपी राकेश अग्रवाल के कब्जे से 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, गिरवी रखने से संबंधित रसीदें, मोबाइल फोन, साहूकार लाइसेंस सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज और गलाया हुआ 15 ग्राम सोना जब्त किया है। दोनों अलग-अलग मामलों में पुलिस की, कार्रवाई से अवैध सूदखोरी के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के शोषण और गिरवी रखे आभूषणों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामलों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की, जांच जारी है। जांच के दौरान लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य संभावित संलिप्तताओं से जुड़े पहलुओं की, पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button