छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद जिले की मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए का चेक प्रदान किया

महासमुंद / छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा रायपुर के नवीन सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में आज आयोजित चेक वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर श्रमिकों, विद्यार्थियों और महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और तत्परता के साथ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महासमुंद जिले के तीन हितग्राहियों को राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि तथा एक हितग्राही को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपए की पेंशन का चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत अपंजीकृत निर्माण श्रमिक स्वर्गीय परमानंद ध्रुव की पत्नी श्रीमती दुर्गा बाई ध्रुव (नामिनी) को एक लाख रुपए की सहायता दी गई। यह सहायता श्रमिक के निधन के पश्चात उनके परिजनों को आर्थिक संबल और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी सहायता योजना के तहत महासमुंद जिले की मेधावी छात्रा अंजली साहू को भी एक लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। यह योजना राज्य शासन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा हेतु सहयोग एवं प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के अंतर्गत महासमुंद जिले के हितग्राही श्री मेखलाल साहू को प्रतिमाह 1500 रुपए की पेंशन सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह योजना राज्य शासन द्वारा ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित की जाती है, जिन्होंने वर्षों तक श्रम कार्य करते हुए राज्य की प्रगति में योगदान दिया है और अब वृद्धावस्था या असमर्थता के कारण नियमित आजीविका अर्जन में कठिनाई का सामना कर रहे हैं। पेंशन सहायता का उद्देश्य इन श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक संबल प्रदान करना एवं उन्हें गरिमामय जीवन जीने में सहयोग देना है। श्री मेखलाल साहू को यह पेंशन उनके श्रम योगदान एवं पात्रता के आधार पर प्रदान की गई है। इस अवसर पर श्रम विभाग के अधिकारी श्री डी. एन. पात्र एवं हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Dhindora24 (Desk)

ढिंढोरा 24 एक प्रादेशिक न्यूज़ पोर्टल हैं, जहां आपको मिलती हैं राजनैतिक, मनोरंजन, खेल -जगत, व्यापार , अंर्राष्ट्रीय, छत्तीसगढ़ , मध्याप्रदेश एवं अन्य राज्यो की विश्वशनीय एवं सबसे प्रथम खबर ।

Related Articles

Back to top button