
महासमुंद। महासमुंद में नवरात्रि के पावन पर्व पर गरबा नाइट्स के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने आरोप लगाया है कि, उनके साथ अन्याय किया गया है और आयोजन में राजनीति की जा रही है। राशि त्रिभुवन महिलांग ने प्रेस वार्ता में कहा कि, वह पिछले 14 वर्षों से महासमुंद में नवरात्रि में गरबा नाइट्स का आयोजन करती आ रही हैं। इस साल भी उन्होंने नियमानुसार आवेदन किया था। लेकिन नियमों का हवाला देकर हाई स्कूल मैदान का आवंटन उनकी बजाय विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व समाज के नाम पर गठित एक समिति को दे दिया गया। महिलांग ने कहा कि, उन्होंने कलेक्टर, अपर कलेक्टर, विधायक और तमाम जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि, सर्व समाज में उनकी समिति भी आती है, लेकिन उनसे कोई चर्चा या विचार विमर्श नहीं किया गया। राशि त्रिभुवन महिलांग ने इस पूरे आयोजन पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, इस साल गरबा नाइट का आयोजन नहीं कर पा रही हैं, लेकिन माता की चुनरी यात्रा जो उनके द्वारा प्रतिवर्ष निकाली जाती है, इस साल भी धूमधाम के साथ निकाली जाएगी।



