मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे सिरपुर महोत्सव का आगाज, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने लिया महोत्सव की अंतिम तैयारियों का जायजा, 1 से 3 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन

महासमुन्द। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में 1 फरवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ कल 1 फरवरी को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। और महोत्सव का आगाज करेंगे। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को महोत्सव में शामिले होने आमंत्रित किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, वित्त, वाणिज्यिक कर मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद रूपकुमारी चौधरी शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना संपत अग्रवाल, विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, विधायक सरायपाली चातुरी नन्द, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
सिरपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक टीम पूरी तरह सजग है। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने आज शाम महोत्सव स्थल का दौरा कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया और सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मंच, दर्शक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि, सिरपुर महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जिला की विशिष्ट पहचान और गौरव से जुड़ा उत्सव है।
विधायक सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, महोत्सव के दौरान आने वाले कलाकारों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि, जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से यह आयोजन और भी भव्य व यादगार बनेगा। इस दौरान कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, साडा के सीईओ धम्मशील गणवीर, अपर कलेक्टर रवि साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग, आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



