सरदार पटेल की, 150वीं जयंती के अवसर पर महासमुंद पुलिस प्रशासन द्वारा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय एवं थाना परिसर सरायपाली में ‘एकता वृक्षारोपण’ कार्यक्रम का आयोजन , SDOP ललिता मेहर छात्र-छात्राओं के साथ रोपें पौधे

सरायपाली(महासमुंद)। स्वतंत्र भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभ भाई पटेल की, 150वीं जयंती के अवसर पर महासमुंद पुलिस प्रशासन द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय एवं थाना परिसर सरायपाली में ‘एकता वृक्षारोपण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
एसडीओपी (पुलिस) सरायपाली ललिता मेहर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-जवानों, सामाजिक कार्यकर्ता टिकेश्वर मिश्रा और ईवास् स्कूल सरायपाली के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SDOP ललिता मेहर ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, सरदार पटेल के आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का आधार हैं। यह ‘एकता वृक्ष’ न केवल पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ वायु और जैव विविधता के लिए ज़रूरी हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने रोपे गए प्रत्येक पौधे की, देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



