आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन ने विपक्ष की कार्यशैली पर खड़ा किया सवाल, कहा- पिछले 05 साल के कार्यकाल में सामान्य सभा के बीच कई महीनों का रहा अंतराल, 06 माह के अंतराल पर कर रहे राजनीति

रायपुर/आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग में सामान्य सभा की बैठकों को लेकर छिड़ी राजनीतिक बहस के बीच नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कांग्रेस कार्यकाल की बैठकों का विवरण जारी करते हुए विपक्ष के मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक विज्ञप्ति के माध्यम से मीडिया को एक सूची जारी करते हुए पिछले कार्यकाल में हुए सामान्य बैठको का ब्यौरा दिया है, जिसके अनुसार सामान्य सभा की बैठक 21 जुलाई 2020, 13 अक्टूबर 2020, 6 अक्टूबर 2021, 23 सितंबर 2022, 23 जनवरी 2023, 14 जून 2023, 3 अक्टूबर 2023, 30 अप्रैल 2025, 11 अगस्त 2025 एवं 25 सितंबर 2025 को आयोजित हुईं। अध्यक्ष डॉ. जैन ने कहा कि, इन तिथियों पर गौर करने से स्पष्ट है कि कई बैठकों के बीच लंबा अंतराल रहा। जुलाई 2020 से अक्टूबर 2020 के बीच लगभग तीन माह, अक्टूबर 2020 से अक्टूबर 2021 के बीच लगभग एक वर्ष, अक्टूबर 2021 से सितंबर 2022 के बीच लगभग 11 माह तथा सितंबर 2022 से जनवरी 2023 के बीच चार माह का अंतर रहा। इसी प्रकार जनवरी 2023 से जून 2023 तक लगभग पांच माह और जून 2023 से अक्टूबर 2023 तक करीब चार माह का अंतराल रहा।उन्होंने कहा कि जब पूर्व कार्यकाल में बैठकों के बीच इतने लंबे अंतराल रहे, तब इन कांग्रेस पार्षदों को जवाबदेही और सकारात्मक भूमिका की याद नही आई। क्योंकि भ्रम फैलाने वाले ये पार्षद पिछले कार्यकाल में स्वयं सत्ता का सुख ले रहे थे। अब वर्तमान परिषद में छह माह के अंतर को मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिषद नियमानुसार कार्य कर रही है और विकास कार्यों की गति निरंतर बनी हुई है। उन्होंने विपक्षी पार्षदों से नगरहित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। नगर का विकास ही परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


