छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर संभाग

छ.ग.स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने भूपेश बघेल पर कसा तंज, कहा -​”जो खुद राजनीति में सबसे बड़ा फेलियर, वो दूसरों को फेल बता रहा”

भूपेश बघेल द्वारा साय सरकार को 'हर मोर्चे पर विफल' बताए जाने पर छिड़ा जुबानी जंग

रायपुर। ​छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा साय सरकार को ‘हर मोर्चे पर विफल’ बताए जाने पर पलटवार किया है। चंदूलाल साहू ने कहा कि, इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है कि, जो नेता खुद राजनीति में सबसे बड़ा ‘फेलियर’ साबित हुआ है, वह दूसरों के कामकाज पर सवाल उठा रहा है।

​”सपाटा साफ हुआ, सांसद का चुनाव भी हारे”

चंदूलाल ​साहू ने कहा कि, प्रचंड बहुमत के साथ 5 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद भूपेश बघेल अपनी राजनीतिक अक्षमता के कारण जनता का विश्वास खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, अगर भूपेश बघेल ने अपने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के प्रभाव और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग नहीं किया होता, तो वे विधायक का चुनाव भी हार जाते। इसका सबूत यह है कि, कुछ ही महीनों बाद राजनांदगांव से लड़ा गया लोकसभा चुनाव वे हार गए, क्योंकि तब उनके पास मुख्यमंत्री पद की ताकत नहीं थी।

​”जहां प्रभारी बने, वहां पार्टी की लुटिया डुबोई”

​चंदूलाल साहू ने भूपेश पर हमला जारी रखते हुए कहा कि, सत्ता गंवाने के बाद बघेल केवल एक ही परिवार की ‘चरण वंदना’ करके राष्ट्रीय महासचिव तो बन गए, लेकिन पार्टी ने उन्हें जिन-जिन राज्यों का चुनाव प्रभारी बनाया, वहां उन्होंने पार्टी का बंटाधार ही किया।
​वर्तमान में पंजाब के प्रभारी बनाए जाने पर चुटकी लेते हुए साहू ने कहा, “पंजाब में अगले साल चुनाव हैं और बघेल का वहां प्रभारी होना भाजपा के लिए प्लस पॉइंट है। यह एक तरह से चुनाव से पहले ही भाजपा की जीत का एग्जिट पोल है।”

​नीट मामले पर घेराव को बताया हास्यास्पद

​नीट (NEET) पेपर लीक मामले में मोदी सरकार पर भूपेश बघेल के बयानों को साहू ने हास्यास्पद करार दिया। उन्होंने कहा कि, बघेल के अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ पीएससी (CGPSC) परीक्षा में केवल पेपर लीक ही नहीं हुए, बल्कि प्रशासनिक पद अधिकारियों, बिजनेसमैन और रसूखदारों के परिजनों को बेच दिए गए। ऐसे में युवाओं के भविष्य की बात करना उनके मुंह से शोभा नहीं देता।

​”पहले आईना देखें, फिर बयानबाजी करें”

चंदूलाल ​साहू ने भूपेश बघेल को सलाह देते हुए कहा कि, किसी विद्वान ने ठीक ही कहा है—’जब कभी आईना उठाया करो, पहले खुद देखो फिर दूसरों को दिखाया करो’
​उन्होंने कहा कि, अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए भूपेश बघेल अपने नेता राहुल गांधी की राह पर चल रहे हैं और मोदी व साय सरकार के खिलाफ बिना सिर-पैर की बयानबाजी कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता जानती है कि नीट मामला सामने आने के बाद मोदी सरकार ने त्वरित और प्रभावी कदम उठाए हैं, इसलिए बघेल की इन बयानबाज़ियों से केवल उनकी खुद की ‘जगहंसाई’ हो रही है।

Related Articles

Back to top button