छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर संभाग

नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पर महासमुंद में कांग्रेस ने बोला हमला, ‘आरक्षण के नाम पर महिलाओं को गुमराह कर रही मोदी सरकार’: विधायक कविता लहरे

महासमुंद। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाये गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर आज महासमुंद के कांग्रेस भवन में कांग्रेस ने जमकर हमला बोला। बिल को लेकर कांग्रेस ने प्रेसवार्ता का आयोजन किया। जिसमें कांग्रेस के बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व विधायक खल्लारी द्वारकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक चंद्राकर सहित कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान केंद्र की नीतियों पर हमला बोलते हुए विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि, केंद्र सरकार महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन महिला आरक्षण बिल को लागू करने में गंभीर नहीं है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद से पारित होकर कानून बन चुका है, फिर भी महिलाओं को परिसीमन का बहाना बनाकर उसका लाभ अब तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि, केंद्र सरकार चाहे तो तुरंत आरक्षण लागू कर सकती है, फिर परिसीमन का बहाना बनाकर महिलाओं को उनका अधिकार क्यों रोका जा रहा है? उन्होंने कहा कि, अगर सरकार की नीयत साफ होती तो मौजूदा व्यवस्था में ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सकता था। कविता प्राण लहरे ने यह भी कहाँ की, कांग्रेस शुरू से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है। पंचायतों और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने का काम कांग्रेस सरकारों ने किया, जिसके कारण आज लाखों महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में हैं और वह स्वयं अनुसूचित जाति से विधायक है यह कांग्रेस की ही देन है।
वहीं इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि, मोदी सरकार 2014 से सिर्फ जनता को गुमराह करने, बड़े-बड़े वादे करने और प्रचार करने में लगी है। उन्होंने कहा कि, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि, भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैला रही है, जबकि सच्चाई यह है कि, महिलाओं को अधिकार देने में लगातार देरी की जा रही है।
इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button