छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

कांग्रेस का भ्रष्टाचार चरम पर,सच्चाई से भागने रोज़ बोल रहे 100 झूठ, छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया : विधायक डॉ संपत अग्रवाल

महासमुंद/बसना। भारतीय जनता पार्टी के बसना क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने महासमुंद भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया था।

उन्होंने कहा कि हमने इतिहास में कई उदाहरण देखे हैं जहाँ पुत्र मोह में सम्राटों ने अपने साम्राज्य को बर्बाद किया। आज भूपेश बघेल उसी राह पर हैं। वे भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए पूरे प्रदेश की जनता को परेशान कर रहे हैं और आर्थिक नुकसान पहुँचा रहे हैं, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार चोरी और सीनाजोरी का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल के पाँच वर्षों में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को दस जनपथ का चारागाह बना दिया।

उन्होंने कांग्रेस के कथित भ्रष्टाचार की परतें उधेड़ते हुए कहा कि कोल ब्लॉक आवंटन, शराब घोटाला, वित्तीय अनियमितताएँ, पीएससी चयन प्रक्रिया में धांधली जैसे अनेक मामलों में कांग्रेस की भूमिका संदिग्ध और शर्मनाक रही है।

विधायक ने कहा कि शराब से लेकर गोठान, चावल, पीएससी और राशन वितरण तक हर योजना में कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश के संसाधनों को लूटा। अब जब ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियाँ इन मामलों की तह तक पहुँच रही हैं, तो कांग्रेस रोज़ झूठ बोलकर बचाव कर रही है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन मामलों में साक्ष्य स्पष्ट हैं, और कई आरोपी जेल की ओर बढ़ चुके हैं। विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा जनता को गुमराह करने का कांग्रेस का प्रयास अब सफल नहीं होगा ।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कोल ब्लॉक मामले में कहा कि न केवल भूपेश बघेल ने अशोक गहलोत को आवंटन किया, बल्कि मनमोहन सिंह सरकार ने भी नियमों को दरकिनार कर छत्तीसगढ़ के कोल ब्लॉक आवंटन की राह आसान की थी। उन्होंने 2010 में हसदेव अरण्य को नो-गो जोन घोषित करने और बाद में गो एरिया में बदलने की प्रक्रिया को भी कांग्रेस की भूमिका से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

उन्होंने शराब घोटाले में सरकारी ठेकों और सप्लाई चेन में गड़बड़ी, गोठान योजना में फर्जीवाड़ा, चावल वितरण में गरीबों के अनाज की बाज़ार में बिक्री और पीएससी चयन परीक्षा में पारदर्शिता की धज्जियाँ उड़ाने जैसे मामलों को विस्तार से गिनाया।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने सिर्फ घोटाले किए। अब जब कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई है, तो कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताकर जनता को भ्रमित कर रही है।

उन्होंने सभी जांच एजेंसियों की कार्रवाई को कानूनसम्मत बताते हुए कहा कि अपराधियों को सज़ा मिलनी ही चाहिए, चाहे वे किसी भी पद पर क्यों न हों। जनता अब जागरूक है और कांग्रेस के झूठ के पीछे की सच्चाई को भलीभांति समझ चुकी है।

अंत में उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस के जाल में नहीं फँसेगी। जो प्रदेश की संपत्ति को निजी हितों के लिए बेचते रहे, अब जवाब देने का समय आ चुका है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू सहित अन्य सम्मानित जन शामिल हुए।

Dhindora24 (Desk)

ढिंढोरा 24 एक प्रादेशिक न्यूज़ पोर्टल हैं, जहां आपको मिलती हैं राजनैतिक, मनोरंजन, खेल -जगत, व्यापार , अंर्राष्ट्रीय, छत्तीसगढ़ , मध्याप्रदेश एवं अन्य राज्यो की विश्वशनीय एवं सबसे प्रथम खबर ।

Related Articles

Back to top button