खेमड़ा पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर ने प्रशासन से की चर्चा, शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन

महासमुंद। जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्हें ग्राम खेमड़ा में स्थित पुल के क्षतिग्रस्त होकर बह जाने की, सूचना प्राप्त हुई। यह पुल क्षेत्र के अनेक गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सूचना मिलते ही जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने तत्काल महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आश्वस्त किया कि पुल के निर्माण एवं आवागमन को शीघ्र सुचारु करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्राम खेमड़ा की यह पुलिया टूट जाने से ग्रामवासियों सहित आसपास के लगभग पांच गांवों के लोगों का मुख्य संपर्क मार्ग बाधित हो गया है। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों की, पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि,जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने अपील की है कि, वर्तमान में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए यदि कहीं भी पुल, पुलिया, सड़क या अन्य सार्वजनिक संरचनाओं को क्षति पहुंचने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की, आशंका हो, तो नागरिक तत्काल सूचना दें, ताकि प्रशासन के साथ समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



