छत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा” अभियान के प्रभावी संचालन, समन्वय और निगरानी के लिए केंद्रीय स्तर पर समन्वय समिति में रूपकुमारी चौधरी शामिल

महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा” अभियान के प्रभावी संचालन, समन्वय और निगरानी के लिए केंद्रीय स्तर पर समन्वय समिति का गठन किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी अधिकृत पत्र के अनुसार इस महत्वपूर्ण समिति में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की, सांसद एवं भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह देव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। दोनों नेताओं को यह जिम्मेदारी मिलना छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। पार्टी द्वारा गठित इस केंद्रीय समिति का संयोजक राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को बनाया गया है। समिति में पूर्व हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अनिल एंटनी, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, सांसद राजकुमार चाहर, सांसद रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक अनंत ओझा तथा अनुराग सिंह देव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। यह समिति पूरे देश में अभियान के सफल संचालन के लिए राज्यों और संगठनात्मक इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करेगी भाजपा के निर्देशानुसार 11 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा” अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों का स्मरण करना तथा युवाओं में राष्ट्रीय चेतना को और अधिक मजबूत करना है। अभियान के दौरान प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां, बाइक रैलियां, युवा एवं महिला सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत-संगीत, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष आयोजन तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। केंद्रीय समन्वय समिति अभियान की संपूर्ण कार्ययोजना तैयार करने, राज्यों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने, कार्यक्रमों की, प्रगति की, समीक्षा करने तथा अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की, जिम्मेदारी निभाएगी। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि, अभियान पूरे देश में एकरूपता, उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो। रूपकुमारी चौधरी को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समिति में शामिल किए जाने को महासमुंद लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सम्मानजनक उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश नेतृत्व पर केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास का प्रतीक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। वहीं अनुराग सिंह देव को भी केंद्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलने की बात कही जा रही है.। उल्लेखनीय है कि “हर घर तिरंगा” अभियान पिछले कुछ वर्षों में देशभर में जनभागीदारी का एक व्यापक राष्ट्रीय अभियान बनकर उभरा है। इस अभियान के माध्यम से करोड़ों नागरिक अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देते हैं। इस वर्ष भी भाजपा ने अभियान को अधिक व्यापक, प्रभावी और जन-सहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से समयपूर्व तैयारियां शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button