सोहम हॉस्पिटल और आस्था वेलफेयर संस्था की पहल, शासकीय स्कूल के जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री का किया वितरण

महासमुंद। शिक्षा ही वह प्रकाशपुंज है जो जीवन के हर अंधकार को दूर कर एक उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। इसी पावन उद्देश्य के साथ आज महासमुंद स्थित श्री राम पाठशाला में सोहम हॉस्पिटल महासमुंद और आस्था वेलफेयर संस्था के संयुक्त तत्वाधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायी शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपियाँ, वाटर बोतल, कंपास बॉक्स और पेन जैसी आवश्यक सामग्रियां उत्साहपूर्वक भेंट की गईं।
इस दौरान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सोमी चंद्राकर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि, “बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए, क्योंकि यहीं से हमारे उज्ज्वल भविष्य की नींव तय होती है। किसी भी प्रकार की आर्थिक या सामाजिक कठिनाई को अपनी शिक्षा के मार्ग की बाधा न बनने दें।” उन्होंने सभी बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या रंगारी ने अपने प्रेरणादायक संस्मरण साझा किए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संघर्ष को देते हुए बच्चों को जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही मधु तिवारी ने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया। उन्होंने ज्ञान और शिक्षा को सबसे बड़ा ‘कलम रूपी हथियार’ बताते हुए इसके महत्व को बहुत ही सरल और प्रभावी शब्दों में समझाया। विपिन मोहंती अध्यक्ष आस्था वेलफेयर संस्था द्वारा विद्यार्थियों को मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, शिक्षा की राह में आने वाली हर चुनौती को पार करके ही सफलता हासिल की जा सकती है। कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन संस्था की सचिव अर्चना शर्मा तथा लक्ष्मी मानिकपुरी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए भावना गांधी ने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालय के प्राचार्य, लिनु चंद्राकर, विनोड रंगारी, समस्त शिक्षकगण और स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



