
महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े आज महासमुंद के दौरे पर रही। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आपातकाल को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि, देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी गद्दी बचाने के लिए 1975 में देश में आपातकाल लागू कर दिया था। इस आपातकाल में सारे कानून व्यवस्थाएं चरमरा गई थी, संविधान की हत्या की गई। पत्रकारों के अधिकारों का हनन किया गया था। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पत्रकारों से कहा कि, इंदिरा गांधी के नाती राहुल गांधी आज संविधान बचाओ का नारा दे रहे हैं, राहुल गांधी को संविधान बचाव के नारे से पहले 1975 के आपातकाल को भी याद कर लेना चाहिए की कैसे इंदिरा गांधी ने संविधान का खुला उल्लंघन किया था वो भी अपनी कुर्सी बचाने के लिए। प्रेसवार्ता के दौरान महिला बाल विकास मंत्री के साथ महासमुंद लोकसभा की सांसद रूपकुमारी चौधरी, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराज साहू सहित भाजपा नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।