महासमुंद पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 10 घंटे में 4.61 करोड़ की ड्रग्स व संपत्ति जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार

मनोहर सिंह राजपूत(एडिटर इन चीफ)
महासमुंद। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक सर्जिकल स्ट्राइक की है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महासमुंद पुलिस ने महज 10 घंटों के भीतर चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए लगभग 686 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की है। जब्त मादक पदार्थों और परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की कुल कीमत 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये आंकी गई है।
तस्करी के अनोखे तरीके हुए फेल
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ‘पैकर्स एंड मूवर्स’ के ट्रक, ड्राई फ्रूट्स के कंसाइनमेंट, लग्जरी कारों और यहां तक कि मोटरसाइकिल और ट्रेन का भी सहारा लिया, लेकिन पुलिस के सूचना तंत्र और मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली। पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरणों में कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के हैं और 7 अन्य राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा के निवासी हैं।
विवरण
प्रकरण 01 – कोमाखान थाना क्षेत्र में एक ट्रक से 25 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसे ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपी शिव साहू सिंगरौली एमपी और पुष्पेंद्र साहू सिंगरौली एमपी गिरफ्तार किया गया है। गांजा उपलब्ध कराने वाला अली नामक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
प्रकरण 02 – कोमाखान थाना क्षेत्र में डिजायर कार की सीटों और डिक्की में छिपाकर ले जाया जा रहा 2 क्विंटल (200 किलो) गांजा जब्त किया गया। इसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। इसमें उत्तर प्रदेश के तीन तस्करों को दबोचा गया है। जिनका नाम युवराज नायक यूपी, केशव दयाल यूपी और राहुल अग्निहोत्री यूपी बताया जा रहा है।
प्रकरण 03 – बसना थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई। मुवर्स एंड पैकर्स की आड़ में घरेलू सामान और स्कूटर के बीच छिपाकर रखा गया 454 किलो गांजा जब्त किया गया। राजस्थान निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर 2.38 करोड़ की कुल संपत्ति कुर्क की गई है। आरोपी का नाम इमरान बताया जा रहा है जो जिला झुंझुन राजस्थान का निवासी है।
प्रकरण 04 – सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक से तस्करी कर रहे ओडिशा और जांजगीर-चांपा के दो तस्करों से 6 किलो गांजा बरामद। मामले में आरोपी देवचरण रात्रे और किशोर राउतिया को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण 05 – कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आरपीएफ की मदद से रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर 5 स्थानीय तस्करों को 700 नशीली टैबलेट (Spasmo Proxyvon Plus) के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों का नाम राकेश साहू गुडरूपारा महासमुंद, मनोज सोनबेर नयापारा महासमुंद, सद्दाम कुरैशी बेमचा महासमुंद, रिंकू चंद्राकर बेमचा महासमुंद और कामेश चंद्राकर बस्तीपारा खरोरा महासमुंद है जिन्हें नशीली दवाओं के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की बड़ी उपलब्धि
महासमुंद पुलिस की इस कार्यवाही में बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का भी अहम तकनीकी सहयोग रहा। आंकड़ों की बात करें तो पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने अब तक 63 प्रकरणों में 40 क्विंटल (4054 किलो) से अधिक गांजा जब्त कर 165 तस्करों को जेल भेजा है।
”नशे के खिलाफ महासमुंद पुलिस का यह अभियान ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर आधारित है। हम न केवल परिवहन करने वालों को पकड़ रहे हैं, बल्कि सोर्स (विक्रेता) और डेस्टिनेशन (खरीददार) तक पहुँचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर रहे हैं।”
— प्रभात कुमार, पुलिस अधीक्षक, महासमुंद



