
महासमुंद। राज्य में सिंचाई विकास को लेकर एक और बड़ी परियोजना शुरू होने वाली है। महानदी पर बनने वाले मोहमेला-सिरपुर बैराज परियोजना को राज्य परियोजना मंडल की मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना से राजधानी के आरंग क्षेत्र से होकर सिरपुर तक भू-जल संवर्धन, पेयजल और किसानों को निस्तारी के साथ लिफ्ट इरीगेशन की सुविधा भी मिल पाएगी। इससे महासमुंद के सिरपुर क्षेत्र के गांव भी लाभान्वित होंगे। इस परियोजना के लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में राज्य परियोजना मंडल द्वारा प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल गई है। परियोजना मंडल की मंजूरी के बाद रायपुर जिले के आरंग विकासखंड में मोहमेला से सिरपुर तक बैराज निर्माण का काम पूरा किया जाएगा। इस निर्माण से क्षेत्र के लगभग 12 गांवों के किसानों को खरीफ फसल के लिए करीब 1803 हेक्टेयर क्षेत्र में भूमि में लिफ्ट कर पाइप लाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा मिल पाएगी। इसके अलावा आसपास के किसानों को निस्तारी की सुविधा भी मिलेगी। सिंचाई के साथ-साथ आवागमन सुविधा और भी बेहतर हो पाएगी। पलारी क्षेत्र से सिरपुर की दूरी में भी लगभग 43 किमी की कमी आएगी। गौरतलब है कि महानदी पर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का लंबे समय से इंतजार था।
सिरपुर क्षेत्र के 6 गांव होंगे लाभान्वित
इस परियोजना से कुल 12 गांव के किसानों को लाभ मिलेगा। इसमें से 6 गांव महासमुंद जिले के सिरपुर क्षेत्र के हैं इनमें सिरपुर, पीढ़ी, मोहकम, खड़सा, सेनकपाट, खमतराई शामिल हैं। इस परियोजना से किसानों को सालभर सिंचाई जल की उपलब्धता होगी। सिरपुर, मोहकम एवं आसपास के नगरों में पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान होगा। वहीं भू-जल स्तर में वृद्धि से क्षेत्र में हरियाली आवरण बढ़ेगा। कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सिरपुर जैसे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगर को पर्यटन की दृष्टि से नया आकर्षण मिलेगा।



