बसना नगर पंचायत में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: तीन मनोनीत एल्डरमैन ने ली पद की शपथ, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि रूप में हुए शामिल, विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा-निष्ठा और पारदर्शिता से करें जनसेवा

बसना। स्थानीय मंगल भवन में बसना नगर पंचायत के नव-मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) का गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे समारोह की, शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. संपत अग्रवाल और गणमान्य नागरिकों द्वारा सर्वप्रथम मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात शासन के नियमानुसार मनोनीत तीनों एल्डरमैन जितेंद्र कश्यप, विकास राजेश वाधवा एवं मुरारी अग्रवाल को उनके नवीन पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और मुंह मीठा कराकर उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि, आज बसना नगर पंचायत के मनोनीत एल्डरमेन के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं सभी नवनियुक्त साथियों को उनके नवीन दायित्व के लिए बधाई देता हूं और एक सफल व जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएँ देता हूँ। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि, हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प की, असली आधारशिला हमारे सशक्त और आत्मनिर्भर नगरीय निकाय हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे ये तीनों नए एल्डरमेन जनसेवा, सुशासन और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे और बसना नगर की, प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि, आप सभी को संगठन और सरकार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह जनता की, सेवा का एक सशक्त माध्यम है। आप सभी अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करें। नगर के अंतिम व्यक्ति तक शासन की, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही हमारा मुख्य ध्येय होना चाहिए। कार्यक्रम के पश्चात मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की, सरकार हमेशा से ही अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। बसना नगर पंचायत में इन तीनों अनुभवी और ऊर्जावान साथियों के एल्डरमैन बनने से नगरीय विकास कार्यों में और तेजी आएगी। हम सब मिलकर बसना को एक आदर्श और विकसित नगर पालिका/नगर पंचायत क्षेत्र बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रहे हैं और आगे भी विकास का यह पहिया थमेगा नहीं। इस गरिमामय समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल,जिला महामंत्री भाजपा महासमुंद जितेंद्र त्रिपाठी,जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल,मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव,सभापति नगर पंचायत बसना मुजम्मिल कादरी , विधायक प्रतिनिधि निर्मल दास,पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा पिंटू,पार्षद आशीष साहू, पार्षद राकेश डड़सेना, पार्षद खालिद दानी, पार्षद मनोज गहेरवाल,पार्षद शिव नायक,SDM बसना हरिशंकर पैकरा,CMO नगर पंचायत बसना सूरज सिदार,पत्रकार सुखदेव दास वैष्णव,नगर पंचायत के पदाधिकारी, पार्षदगण, एल्डरमैन के परिजन, वरिष्ठ भाजपा नेता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैन को बधाई दी।



