अपराधछत्तीसगढ़रायपुर संभाग

तमोरा जंगल में वनकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट मामले में न्यायालय सख्त, 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, सभी को भेजा गया जेल

मनोहर सिंह राजपूत(एडिटर इन चीफ)

महासमुंद। जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम तमोरा के जंगल में वन विभाग की गश्ती टीम पर हमला करने, वनकर्मियों को बंधक बनाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। प्रकरण में अंतरिम जमानत पर चल रहे सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी गई है। शुक्रवार 20 नवंबर को पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामला 6 अक्टूबर 2026 का है। महासमुंद वनमंडल के वन परिक्षेत्र बागबाहरा अंतर्गत आमाकोनी वृत्त के ग्राम तमोरा स्थित वन कक्ष क्रमांक 95 एवं 96 में अवैध अतिक्रमण की सूचना पर वन विभाग की गश्ती टीम वन भूमि की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि वनकर्मियों को शाम करीब 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक लगभग चार घंटे बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारी नवीन वर्मा ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 221, 132, 127(2), 191(2), 140(3) एवं 121(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद सभी आरोपी न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, महासमुंद द्वारा निर्धारित शर्तों के तहत अंतरिम जमानत पर थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की जमानत निरस्त करने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय, महासमुंद में आवेदन प्रस्तुत किया।

प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना प्रभावित होने और साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, महासमुंद द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। शुक्रवार को पुलिस ने वारंट की तामिली कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ये हैं गिरफ्तार किए गए 10 आरोपी

इस मामले में ग्राम तमोरा निवासी श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव (35 वर्ष), टेमिन बाई (57 वर्ष), कलाबाई (56 वर्ष), लक्ष्मी बाई (29 वर्ष), प्रदीप ध्रुव (38 वर्ष), सुखराम (45 वर्ष), गणेश (39 वर्ष), चंदन (36 वर्ष), संतकुमार (48 वर्ष) एवं श्रीमती लक्ष्मी (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम तमोरा, जिला महासमुंद के निवासी हैं।

वन विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, वन संपदा को नुकसान पहुंचाने और अधिकारियों-कर्मचारियों के शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा शासकीय वन भूमि के संरक्षण के लिए वनकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में वनकर्मियों के साथ मारपीट, उन्हें बंधक बनाने अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button