भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए

रायपुर। ग्राम अरण्ड में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जन्माष्टमी पर्व मनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस के साथ सत्य का साथ दिया।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश भी देता है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सहयोग और भाईचारा बनाए रखने तथा गांव के विकास में मिल-जुलकर योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से करण दीवान, कौतुक पटेल, देवराज ठाकुर, सुनील डड़सेना, दिगम्बर पटेल, घनश्याम शिवचरण ध्रुव, देवेन्द्र पटेल, रोहित पटेल और मुरलीधर सहित ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



