हाथकरघा कोसा एवं कॉटन वस्त्रों की प्रदर्शनी का विधायक राजू सिन्हा ने किया शुभारंभ

महासमुंद। सोमवार को स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित हाथकरघा कोसा एवं कॉटन वस्त्रों की, प्रदर्शनी का विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और हाथकरघा बुनकरों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं पारंपरिक वस्त्रों की, सराहना की। विधायक ने कहा कि, कोसा कॉटन और हाथकरघा हमारी पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। छत्तीसगढ़ के बुनकरों द्वारा अपनी मेहनत और उत्कृष्ट कला के माध्यम से तैयार किए जाने वाले कोसा वस्त्र देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। इस प्रकार की, प्रदर्शनियां स्थानीय बुनकरों एवं हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि, हाथकरघा उद्योग न केवल हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति को संरक्षित करता है, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ ही बुनकरों की, आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी सहायता मिलती है। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, भाजपा नेता संदीप घोष, राजेंद्र चंद्राकर, आनंद गिरी उपस्थित थें।



