छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित सोनिया एवं दिव्या तथा युवा रत्न सम्मान से पुरस्कृत मृणाल विदानी स्वतंत्रता दिवस समारोह में हुए सम्मानित।

महासमुंद – जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 का आयोजन मिनी स्टेडियम महासमुंद में किया गया। इस अवसर पर महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा एवं खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवा रत्न सम्मान प्राप्त करने हेतु मृणाल विदानी को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने वाले हैंडबॉल खिलाड़ी सोनिया बंदे एवं दिव्या सिन्हा को सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रशिक्षक के रूप में शामिल होने हेतु नरेश चंद्राकर को सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन खिलाड़ी मुरली सिंह राजपुरोहित एवं दीपशिखा साहू को सम्मानित किया गया। हेमंत खुटे को राष्ट्रीय मिनीगोल्फ प्रतियोगिता के सफल आयोजन के दायित्य हेतु सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी तोरण यादव को पहला राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में कांस्य पदक जीतने हेतु सम्मानित किया गया। डॉ. सुनील कुमार भोई व्यायाम शिक्षक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग द्वारा राज्य स्तर में 24 स्वर्ण, 24 रजत पदक विजेता, विभिन्न राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 10 खिलाड़ियों की, भागीदारी एवं 02 रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में भागीदारी करने वाले खिलाड़ी शुभम शर्मा, भूपेंद्र साहू, भावेश कुमार तारक, झलक राम ध्रुव, अजय प्रकाश साहू को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन में भागीदारी करने वाले खिलाड़ी निवेश मन्नाडे, अभिषेक निर्मलकर, आयुष निर्मलकर एवं राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी डोमेश्वरी साहू को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कुडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर अनन्या प्रधान एवं मीरा पंडा को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी संजना मुन्ना को 17 वीं अंतर्राष्ट्रीय कुडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। दिनेश साहू को युवा महोत्सव में 5 वर्षों से विजेता होकर राज्य में भागीदारी, सिरपुर महोत्सव में भागीदारी एवं विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कराते खिलाड़ी उत्कर्ष उपाध्याय एवं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भागीदारी हेतु दीपांशु पटले को सम्मानित किया गया, राष्ट्रीय स्पीड हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर रीनू पटेल एवं रिषिका खाखा को सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी कु. दिव्या रंगारी को एशिया कप 2025 में भागीदारी करने एवं स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। कराते में ईशान साहू, तुषार डडसेना, निकुंज कुमार साहू एवं फामेश्वरी सिन्हा को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।



