जे एम एस जगदीशपुर में संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

बसना। स्थानीय जे एम एस जगदीशपुर में संभाग स्तरीय खेल चयन प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस खेल स्पर्धा में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्व प्रथम विधि-विधान से भगवान की, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस चयन प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों से आए उत्कृष्ट एवं चयनित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से आगामी राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि, खेल हमारे जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। खेल न केवल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ और मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी निखारते हैं। खेल से अनुशासन, समूह में काम करने की, भावना और जीवन में आने वाली चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने का साहस मिलता है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि कबड्डी हमारी माटी से जुड़ा अत्यंत लोकप्रिय और पारंपरिक खेल है। आज जे एम एस जगदीशपुर में पूरे रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के प्रतिभावान खिलाड़ी एक साथ भाग ले रहे हैं और यहां से वे राज्य स्तर के लिए चयनित होंगे यह अपने आप में पूरे क्षेत्र और इस परिसर के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि, खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण आपकी भागीदारी और खेल भावना होती है। जो खिलाड़ी आज चयन प्रक्रिया में सफल होकर राज्य स्तर पर जा रहे हैं, वे पूरे संभाग का नाम रोशन करें। वहीं जो खिलाड़ी किसी कारणवश चूक गए हैं, वे निराश न होकर दोगुने उत्साह के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। सफलता निरंतर परिश्रम करने वालों के कदम चूमती है। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने भी खिलाड़ियों का करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया। अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सदस्य जिला पं० महासमुंद सीमा नायक,जिला उपाध्यक्ष भाजपा हरप्रसाद पटेल,विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान,पूर्व जिला पं० सदस्य त्रिलोचन नायक,विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा,विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा,वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक एवं खेल विशेषज्ञ आर एस एस साहू,खेल अधिकारी महासमुंद अंजली बर्माल,सरपंच जगदीशपुर रिद्धि मनस्या नायक,सरपंच नरसिंहपुर नवलीन मिरी,प्राचार्य जे एम एस जगदीशपुर वी. एस. कोर,तरुण दास ,मंडल मंत्री सांकरा कन्हैया लाल निषाद,लक्ष्मण सराफ,PTI जगदीशपुर मनोज बारिक,मंच संचालक हेमंत बारिक,नरेन्द्र,रिटायर्ड PTI भानुप्रताप सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी एवं संचालक अरविंद छात्रावास एवं सूर्या मिनरल्स जयप्रकाश साहू,अंतरराष्ट्रीय निर्णायक कबड्डी मुकेश साहू,राष्ट्रीय निर्णायक कबड्डी क्षितिपति साहू,जनरल मैनेजर रायपुर राकेश प्रधान,जनरल मैनेजर गरियाबंद यू के नेताम,एम कश्यप,राष्ट्रीय निर्णायक कबड्डी अमित चंद्राकर सहित खिलाड़ी उपस्थित रहे।



