सरस्वती साइकिल योजना: जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर ने मोहगांव में 49 छात्राओं को किया निःशुल्क साइकिल का वितरण, खल्लारी में गूंजा ‘बेटी पढ़ाओ’ का संदेश

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के अंतर्गत ग्राम मोहगांव स्थिति शासकीय हाईस्कूल में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 49 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर रहे। अध्यक्षता सरपंच नरेंद्र दीवान ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश पनुरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि भीखम सिंह ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को आसान बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। आज की, बेटियां ही विकसित भारत की, मजबूत नींव हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारे विद्यार्थी अहम भूमिका निभाएंगे।”
जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाने का आश्वासन
श्री ठाकुर ने छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर अवगत कराया है। परिवार के मुखिया के जाति प्रमाण पत्र के आधार पर बच्चों का प्रमाण पत्र आसानी से बन सके, इसके लिए प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
छात्राओं ने जताया आभार
साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें दूर-दराज से पैदल स्कूल नहीं आना पड़ेगा, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में पुरन शबर, शाला समिति अध्यक्ष राजेश दास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष ममता दीवान, सदस्य चेतन साहू, पालक उदय साहू, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश ध्रुव, प्राचार्य देवेंद्र चंद्राकर, कोमलचंद साहू, नाथूराम साहू सहित शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



