भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने संभाला पदभार, कहा— ‘राष्ट्र निर्माण और महिला सशक्तिकरण को देंगे नई गति’
नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में गरिमामयी वातावरण के बीच अपना विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन और सुश्री सरोज पांडेय की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों वरिष्ठ नेत्रियों ने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की निरंतर प्रगति की कामना की। पदभार संभालने के उपरांत नवनियुक्त अध्यक्ष ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रसेवा का नया संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि, “यह दायित्व मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि पार्टी संगठन द्वारा दिया गया अटूट विश्वास, बड़ी जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा का एक नया संकल्प है।” उन्होंने आगे कहा कि, महिला मोर्चा की समर्पित बहनों की सामूहिक शक्ति के साथ संगठन को हर स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। नारी शक्ति के माध्यम से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण के अभियान को एक नई गति देने के लिए मोर्चा निरंतर तत्परता से कार्य करेगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और सभी शुभचिंतकों का उनके अनवरत स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार प्रकट किया।



