
नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और संगठन को नई दिशा व गति देने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के इस गरिमामय अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं और नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठन के मूल विचारों, ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और निस्वार्थ जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में सम्मिलित हुए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी व पदाधिकारियों ने इस अवसर को अत्यंत सौभाग्यशाली और प्रेरणादायी बताया। बैठक के दौरान यह रेखांकित किया गया कि भारतीय जनता पार्टी की असली शक्ति और आधार उसके करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और सेवा-भाव है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि, संगठन द्वारा सौंपी गई इस नई जिम्मेदारी को वे पूर्ण समर्पण, निष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ निभाएंगे। संगठन को मजबूत करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनसेवा के कार्यों को पहुँचाने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत रहेगा।



