छत्तीसगढ़

ग्राम चिखली में निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं का बढ़ाया उत्साह,साइकिल से दूर होगी आवागमन की बाधा, शिक्षा बनेगी सुगम- विधायक डॉ संपत अग्रवाल

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिखली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना’ के तहत एक गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधिवत् पूजा-अर्चना एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने ईश्वर से संपूर्ण क्षेत्रवासियों एवं विद्यार्थियों के जीवन में खुशहाली, सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की।

समारोह में उपस्थितजनों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाली छात्राओं के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में आने वाली भौगोलिक तथा आवागमन की बाधाओं को समाप्त करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि आज हमारी बेटियां शिक्षा से लेकर खेल और हर प्रशासनिक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के लिए निरंतर संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने कहा कि बेटियों का सशक्तिकरण ही समाज और क्षेत्र के वास्तविक विकास की नींव है। राज्य सरकार द्वारा बेटियों को दी जा रही साइकिलों से दूर-दराज से आने वाली छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा और वे बिना किसी रुकावट के नियमित रूप से स्कूल आकर उच्च शिक्षा हासिल कर सकेंगी। उन्होंने सभी छात्राओं को लगन के साथ पढ़ाई कर उत्कृष्ट परिणाम लाने की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा के स्तर को लगातार ऊँचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रही है। निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना से ग्रामीण अंचल की बालिकाओं का आत्मविश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में बसना क्षेत्र के प्रत्येक शासकीय विद्यालय में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल रहा है।

छात्राओं को अपने हाथों से नई साइकिलें वितरित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि आपकी प्रगति और आत्मनिर्भरता का एक मजबूत माध्यम है। आप सभी छात्राएं पूरे मन, लगन और अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करें और अपने परिवार तथा पूरे बसना क्षेत्र का नाम रोशन करें। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक डॉ संपत अग्रवाल द्वारा लगभग 36 सायकिल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे,जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, विधायक प्रतिनिधि मुन्नू पांडे, विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल,प्रदेश सह संयोजक किसान मोर्चा अजय डड़सेना,जिला पदाधिकारी युवा मोर्चा सौरभ अग्रवाल,पत्रकार राजा शुक्ला,सरपंच ग्राम पंचायत चिखली मालती बरिहा, प्राचार्य अब्दुल सईद खान,उपसरपंच अंबिका प्रधान, अध्यक्ष SMDC निवेदन विशाल,रूपानंद विशाल,मंच संचालक अनूप कुमार नायक, चक्रधर विशाल, पूर्व अध्यक्ष SMDC रोहित प्रधान,कमला गरीह,जोहित बारिहा,सनातन प्रधान,देवराज विशाल,शरद विशाल,गोविंद पटेल,सभापति कोलता समाज विनोद बारिक,मंडल उपाध्यक्ष पिथौरा सुधीर प्रधान,सरपंच प्रतिनिधि सादराम,विद्यालय के प्राचार्य,शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण जन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम अत्यंत उत्साहजनक एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button