बिरकोनी में हुआ आंगन मिल सेवा कार्यक्रम, गर्भ संस्कार एवं अन्नप्राशन संस्कार के साथ माताओं और बच्चों ने उत्साह से लिया विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा

महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 07 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद विकासखंड के ग्राम बिरकोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. एकता लंगेह शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रकाश पटेल, जनपद सदस्य विष्णु साहू, श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, सरपंच चंदन चंद्राकर, मानिक सोनवानी, लिलेश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जटवार, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला हितग्राही एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गर्भवती माता-बहनों के लिए गर्भ संस्कार तथा शिशुओं के स्वस्थ विकास और बेहतर पोषण की, मंगलकामना के साथ अन्नप्राशन संस्कार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों तथा स्वस्थ शिशुओं और उनकी माताओं को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। महिलाओं एवं बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. एकता लंगेह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के संस्कार, विकास और माताओं के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। आंगन मिलन जैसे आयोजन माताओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय को एक साथ जोड़ते हैं, जिससे आपसी सामंजस्य, अपनत्व और सहयोग की, भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि, बच्चे अपने आसपास के वातावरण और अपनी माताओं से बहुत कुछ सीखते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की, मेहनत और समर्पण से गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है, जिसका सकारात्मक लाभ बच्चों के स्वस्थ विकास में दिखाई देता है। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के लिए आंगनबाड़ी केंद्र को रंगोली, आकर्षक सजावट एवं स्थानीय परिवेश से जुड़ी सामग्री से सुंदर रूप से सजाया गया। केंद्र में स्वस्थ एवं पौष्टिक थाली के साथ स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए रस्सी खींच, मटका फोड़, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियां आयोजित की, गईं। बच्चों के लिए भी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की, स्थिति का अवलोकन किया गया। आयोजन के पश्चात सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान के तहत अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा का पौधा रोपित किया गया। मुनगा के पोषण संबंधी महत्व को देखते हुए इसे आहार में शामिल करने तथा घर-घर मुनगा के पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण संवर्धन का संदेश भी दिया।



