
बिलासपुर। मेकअप आर्ट के क्षेत्र में एक बार फिर बिलासपुर की बेटी नेहा कुकरेजा ने शहर का गौरव देश-प्रदेश में बढ़ाया है। बॉलीवुड हस्तियों के बीच बिलासपुर की बेटी नेहा ने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। नेहा कुकरेजा ने अहमदाबाद में आयोजित, एशियन एक्सीलेंस अवार्ड 2025 में, बेस्ट मेकअप आर्टिस्ट ऑफ द ईयर का खिताब हासिल किया है। अहमदाबाद में आयोजित इस भव्य समारोह में यह अवार्ड उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और जरीन खान के हाथों दिया गया। यह पल नेहा के करियर का सबसे यादगार और गौरवशाली पल रहा। बता दें कि, नेहा कुकरेजा लंबे समय से मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री के क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से न केवल हजारों क्लाइंट्स का दिल जीत है बल्कि हजारों बेरोजगारों को ट्रेनिंग देकर सक्षम बनाया और आगे बढ़ने के लिए उन्हें अपने पैरों पर खड़ा किया है। हाल ही में उन्हें इंटरनेशनल सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है, जिसने उसके काम को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। अपने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए नेहा ने कहा कि, यह अवार्ड मेरे लिए सिर्फ एक सम्मान नहीं बल्कि मेरी मेहनत, लगन, मेरे क्लाइंट्स और स्टूडेंट के विश्वास का प्रतीक है। मैं चाहती हूं कि, मेरे काम से और भी महिलाएं प्रेरित हो और अपने सपनों को साकार करें। नेहा कुकरेजा की इस सफलता से जिले में हर्ष का माहौल है। लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि, उनकी यह उपलब्धि न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी प्रेरणादायी है।