शिक्षक एल.बी. संवर्ग ने लंबित मांगों के लिए खल्लारी विधायक को सौंपा ज्ञापन

महासमुंद/बागबाहरा। प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ, बागबाहरा के बैनर तले वर्ष 1998-99 में नियुक्त शिक्षक एल.बी. संवर्ग ने अपनी लंबित मांगों को लेकर खल्लारी विधायक माननीय द्वारिकाधीश यादव को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के फैसले को लागू कर प्रथम नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन और अन्य लाभ देने की मांग की है। जिस पर विधायक श्री यादव ने उनकी मांगों की ओर प्रदेश सरकार का ध्यानाकर्षित कराने का आश्वासन दिया।
विधायक श्री यादव को संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1998-99 में नियमित पदों के विरुद्ध उनकी नियुक्ति हुई थी। वर्ष 2001 में उनका नियमितिकरण और 2018 में शिक्षा विभाग में संविलियन किया गया। शिक्षकों का तर्क है कि भारत सरकार के 2020 के आदेशानुसार 2004 के पूर्व नियुक्त सभी अस्थायी या संविदा कर्मियों को नियमित होने पर पुरानी पेंशन का लाभ मिल रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ में इस संवर्ग को इससे वंचित रखा गया है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 12,000 शिक्षक सेवानिवृत्ति की कगार पर हैं और सैकड़ों साथियों की मृत्यु हो चुकी है। पेंशन और ग्रेच्युटी न मिलने से इन परिवारों की स्थिति दयनीय हो गई है। माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर ने भी याचिका संख्या WPS 647/2021 और 325/2026 में शिक्षकों के पक्ष में निर्णय दिया है, जिसे शासन द्वारा अब तक लागू नहीं किया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से खेदूराम चन्द्राकर, पिताम्बर बंजारा, भोपाल बंजारा, शिवनारायण तिवारी, जगदीश पटेल, राम जी टंडन, प्रेमचंद डडसेना, पंचराम पांडे, भेखलाल सेन, बलराम चन्द्राकर, उदेशराम निराला, श्रीमती ऋतु साहू, सुखराम मिर्धा, लीलाचंद पटेल और भरत तंबोली सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।



