छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

​महासमुंद में पेट्रोल-डीजल की कमी या सिर्फ अफवाह? पम्पों में 3-3 घंटे से लंबी कतारें, कलेक्टर ने पैनिक न होने की अपील

​महासमुंद। पिछले कुछ घंटों से महासमुंद जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बाद पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पैनिक की स्थिति ऐसी बनी कि, जिला मुख्यालय के पेट्रोल डीजल पंप में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई, दिन भर कई पेट्रोल पंप ड्राई रहे लेकिन देर शाम पंप में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की गई। इसके बाद पंपों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, लोगों को दो से तीन घंटे तक कतारों में खड़ा रहना पड़ा। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, जिले में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। ​महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि, वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि, जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता घबराकर अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और न ही घरों में ईंधन का असुरक्षित भंडारण करें। कलेक्टर ने बताया कि, जिले में आईओसीएल कंपनी के 35, बीपीसीएल कंपनी के 29 एवं एचपीसीलए के 40 पेट्रोल/डीजल पंप संचालित है। जिसमें आई.ओ.सी.एल. कंपनी के 35 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 15 के.एल. एवं डीजल 28 के.एल. का दैनिक विक्रय किया जाता है, जिले में उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 270 के.एल. एवं डीजल का स्टॉक 240 के.एल. उपलब्ध है, जो कि पेट्रोल 15 दिवस हेतु एवं डीजल 8 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बी.पी.सी.एल. कंपनी के 29 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 29 के.एल. एवं डीजल 57 के.एल. का दैनिक विक्रय किया जा रहा है, उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 225 के.एल. एवं डीजल का स्टॉक 278 के.एल. उपलब्ध है जो कि पेट्रोल 8 दिवस हेतु एवं डीजल 5 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसी प्रकार एच.पी.सी.एल. कंपनी के 40 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 42 के.एल. एवं डीजल 58 के.एल. का दैनिक विक्रय किया जाता है, जिले में उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 312 के.एल. एवं डीजल का स्टॉक 365 के. एल. उपलब्ध है जो कि पेट्रोल एवं डीजल 7 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस प्रकार जिले में दैनिक पेट्रोल की खपत 86 के. एल. के विरुद्ध 807 के. एल. का स्टॉक मौजूद है जो कि जिले में लगभग 9 दिन हेतु पर्याप्त है। वहीं जिले में दैनिक डीजल की खपत 143 के.एल. के विरुद्ध 883 के. एल. का स्टॉक मौजूद है जो कि जिले में लगभग 6 दिन हेतु पर्याप्त है। इस प्रकार जिले में मांग एवं दैनिक खपत अनुसार पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक उपलब्ध है एवं ऑयल कंपनी द्वारा सतत उपलब्धता सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, ईंधन के साथ-साथ जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति भी सामान्य है। 14 मई की स्थिति के अनुसार, जिले में 4,170 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि दैनिक औसत डिलीवरी 1,378 सिलेंडरों की है। गैस एजेंसियों को सप्लाई प्लांट से नियमित रूप से स्टॉक प्राप्त हो रहा है।
गौरतलब है कि, जिला प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ‘जिला स्तरीय मीडिया एवं निगरानी समिति’ का गठन किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

“अपनी आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें, पैनिक न हों। जिले में सप्लाई चेन पूरी तरह सक्रिय है और तेल कंपनियों द्वारा निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।” :- विनय कुमार लंगेह, कलेक्टर महासमुंद

Related Articles

Back to top button