छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर संभाग

सुशासन तिहार: महासमुंद के कमरौद गाँव में सीएम साय ने बरगद पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, बच्चों के साथ ली सेल्फी, सुनी जनसमस्याएं, की कई बड़ी घोषणाएं

​महासमुंद। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ‘सुशासन तिहार’ के तहत एक अलग ही अंदाज में नजर आए। सीएम साय अचानक महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम कमरौंद पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण से जहाँ ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया, वहीं प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता बढ़ गई।
​गाँव पहुँचने पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक राजू सिन्हा, कलेक्टर विनय लंगेह, एसपी प्रभात कुमार और डीएफओ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

​दुर्गा मंदिर में टेका माथा, बच्चों संग ली सेल्फी

​ग्राम कमरौंद पहुँचते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सबसे पहले स्थानीय मां दुर्गा मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक बेहद संवेदनशील और सरल रूप भी देखने को मिला, जब उन्होंने गाँव के छोटे बच्चों को अपने पास बुलाया और बेहद आत्मीयता के साथ उनके साथ सेल्फी ली।

​बरगद की छांव में लगी चौपाल, हुआ ‘वन-टू-वन’ संवाद

​इसके बाद मुख्यमंत्री ने गाँव के मुख्य चौराहे पर स्थित एक विशाल बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। सुशासन तिहार के इस मंच पर सीएम साय ने सीधे आम जनता और किसानों से ‘वन-टू-वन’ चर्चा की। उन्होंने चौपाल में मौजूद लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने महिला समूहों, मितानिन दीदियों, महतारी वंदन योजना की लाभार्थियों और पीएम आवास के हितग्राहियों से बात कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
​”जनता की हर समस्या का समाधान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आप सभी की दिक्कतों को दूर करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
— विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री (छत्तीसगढ़)

​कमरौंद गाँव के लिए सीएम की बड़ी घोषणाएं

​ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं की मांग पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

​गाँव में एक सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण।

​कमरौद से चरौदा तक 4 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण।

​ग्राम कमरौद में एक व्यवस्थित मुक्तिधाम का निर्माण।

​शिकायतों के लिए जल्द जारी होगा ‘टोल-फ्री नंबर’

​मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि, सुशासन तिहार के तहत यह उनका 16वां जिला दौरा है। सरकार लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर काम-काज का आकलन कर रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ‘समाधान शिविर’ लगाकर सभी विभागों की समस्याओं का एक ही जगह निपटारा किया जा रहा है।
​सीएम ने एक बड़ी सौगात का एलान करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिससे कोई भी नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा।

​संसाधनों के संयम से उपयोग और धैर्य की अपील

​बढ़ती जरूरतों और सीमित संसाधनों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने गैस, पेट्रोल, डीजल और खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं के उपयोग में संयम बरतने की बात कही। साथ ही, किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिरपुर बैराज और सीकासेर क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।

​वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

​इस ऐतिहासिक चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button