लोकतंत्र की गरिमा तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण सदैव अटल रहा : योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद। रविवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के पुण्यतिथि पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने नगर में स्थित अटल परिसर में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ उनको याद किया। उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि, आज हम भारत के महानतम नेताओं में से एक, भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में से एक, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी की, पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचे हैं। यह अवसर उनके अद्वितीय व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करने का है। संविधान एवं लोकतंत्र की, गरिमा तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण सदैव अटल रहा है। उनकी हर पहल, चाहे वह परमाणु परीक्षण हो, कारगिल में साहसिक नेतृत्व हो, या शांति स्थापित करने के लिए लाहौर बस यात्रा का ऐतिहासिक कदम हमेशा राष्ट्रहित में अडिग और अटल रही। अटल जी की, कविताएं, जैसे “हार नहीं मानूंगा,” उनके अटल विश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक हैं, जो हमें हर चुनौती में आगे बढ़ने की, प्रेरणा देती है। हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए वे हमेशा याद रहेंगे। करोड़ों युवाओं के लिए उनका पूरा जीवन एक प्रेरणा है। युवा नेता से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक का उनका सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने कठिनाइयों से निकलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, कृषि एवं बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा, भाजपा नेतागण रमेश साहू, संदीप दीवान, राजेंद्र चंद्राकर, उत्तरा प्रहरे, महेंद्र जैन, प्रकाश शर्मा, माखन पटेल, पप्पू ठाकुर, पीयूष साहू, हिमांशु चंद्राकर, नईम खान सहित अन्य उपस्थित थें।



