छत्तीसगढ़

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने विधानसभा परिसर में किया पौधरोपण

महासमुंद। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने विधानसभा परिसर में अपनी माता देवकी देवी के नाम पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक यादव ने कहा कि, “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अपनी माताओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रकृति के संरक्षण का एक भावनात्मक एवं सामाजिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि, जिस प्रकार मां हमें जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन और पर्यावरण को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
विधायक यादव ने कहा कि, बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की, चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित और स्वच्छ वातावरण की, मजबूत नींव साबित होगा।
इस अवसर पर विधानसभा के उप नेता लखेश्वर बघेल, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, विधायक इंदर साय मांडवी तथा विधायक जनक ध्रुव उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पौधरोपण जैसे अभियानों को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया।

Related Articles

Back to top button