विश्व आदिवासी दिवस पर बागबाहरा, बसना और सरायपाली की शराब दुकानें बंद रखने की मांग, सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

महासमुंद। आगामी 09 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव’ को अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के लिए सर्व आदिवासी समाज जिला महासमुंद आगे आया है। महोत्सव के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा शराब का सेवन कर व्यवस्था में व्यवधान डालने और समाज की, छवि धूमिल करने के प्रयासों पर रोक लगाने के उद्देश्य से, समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से सौजन्य मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कलेक्टरेट परिसर पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से अपील की, कि, 09 अगस्त को जिले के बागबाहरा, बसना एवं सरायपाली ब्लॉक में संचालित सभी देशी व अंग्रेजी शराब दुकानों को एक दिन के लिए पूर्णतः बंद रखा जाए (शुष्क दिवस घोषित किया जाए)।
यह ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू के मार्गदर्शन एवं आदिवासी ध्रुव गोंड समाज (52 गढ़ जिला महासमुंद) की, जिलाध्यक्ष डेजीरानी नेताम की, विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से रहे शामिल:
कलेक्टरेट परिसर में ज्ञापन सौंपने के दौरान ध्रुव गोंड समाज के जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र मरावी, सर्व आदिवासी समाज के जिला उपाध्यक्ष शुभसिंह जगत, सर्व आदिवासी समाज के जिला संचालक विनोद कुमार दीवान, ब्लॉक अध्यक्ष विजय नेताम (सरायपाली), नरेश पोर्ते (बसना), उदयभानु ध्रुव (महासमुंद) एवं कोडाकू समाज बसना के अध्यक्ष विष्णु मांझी मौजूद रहे।
साथ ही महिला प्रभाग से जिला उपाध्यक्ष भूमिका ध्रुव, सचिव सुलोचनी ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता श्रद्धा ध्रुव, हेमलता ध्रुव एवं लभरा कला के सरपंच व सामाजिक कार्यकर्ता मयंक ध्रुव भी शामिल हुए।
युवा प्रभाग से अध्यक्ष मनोज सिदार, जिला संरक्षक ओमप्रकाश छेदैहा, सुअरमार के उपाध्यक्ष दीपक कुमार नेताम के अलावा गोंड समाज फुलझर राज के महामंत्री कुंजल सिदार, गोंड समाज सरायपाली सर्कल के पूर्व सचिव कीर्तन सिदार, सांवरा समाज बसना के सचिव समयलाल भोई, राठिया कंवर समाज सरायपाली से घसिया सिदार एवं सामाजिक कार्यकर्ता खेमराज ध्रुव सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।



