वरिष्ठ पत्रकार सौरभ सिंह परिहार को मिला छत्तीसगढ़ विधानसभा का उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ और प्रखर पत्रकार सौरभ सिंह परिहार को उनकी बेहतरीन और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रतिष्ठित ‘उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान विधायी कार्यों और संसदीय गौरव को जनता तक सटीक व जिम्मेदारी के साथ पहुँचाने के लिए दिया गया है। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और मंत्रिमंडल के सदस्यों और नेता प्रतिपक्ष सहित विधानसभा से सभी सदस्यों की, उपस्थिति में यह सम्मान उन्हें दिया गया। गौरतलब है कि, सौरभ सिंह परिहार अपनी निर्भीक, सटीक और जमीनी राजनीतिक रिपोर्टिंग के लिए प्रदेश भर में एक खास पहचान रखते हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की घोषणा के बाद से ही पत्रकारिता जगत, राजनीतिक गलियारों और उनके शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं।
संसदीय पत्रकारिता के क्षेत्र में इस सर्वोच्च सम्मान को हासिल करने पर मीडिया जगत के वरिष्ठों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका कहना है कि, यह पुरस्कार सौरभ सिंह की वर्षों की, कड़ी मेहनत, समर्पण और खोजी पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा का सम्मान है। इस उपलब्धि पर साथी पत्रकारों ने हर्ष जताते हुए कहा कि, यह सम्मान प्रदेश की नई पीढ़ी के पत्रकारों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।



