छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस पर 16 नवंबर को होगा जिला स्तरीय समारोह, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी मुख्य अतिथि

महासमुन्द। राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की, जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर 16 से 18 नवंबर तक जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर को अंबेडकर मंगल भवन खैरा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे । समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि एवं सदस्य एवं आम नागरिक शामिल होंगे।जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों एवं महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला स्तरीय समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए आदिवासी विकास विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन संबंधी आवश्यक दायित्व सौंपते हुए आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
इसके अलावा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा संबोधन ऑनलाइन वीसी के माध्यम से 15 नवंबर को सुबह 11 बजे किया जाएगा। यह प्रसारण जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में रखा गया है।

Related Articles

Back to top button