बीटीआई रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अधिकारियों को किया निर्देशित

महासमुंद। शहर के बीटीआई रोड में जारी निर्माण कार्य के लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रोजेक्ट की प्रगति और अब तक किए गए कार्यों की, जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने और निर्माण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा किया जाना चाहिए।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां आवश्यक संसाधनों की, उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य की, गति बढ़ाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो। निर्माण में निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की, सुविधा और यातायात व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। आगे कहा कि, सड़कें क्षेत्र के विकास और आमजन की, सुविधा का महत्वपूर्ण आधार हैं। बेहतर सड़क व्यवस्था से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होती है। इसलिए सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।गौरव पथ के तहत विभिन्न कार्य प्रगति पर
बता दें कि, शहर के बीटीआई रोड में गौरव पथ निर्माण के तहत करीब 18.29 करोड़ रुपए की, लागत से 2.3 किलोमीटर लंबी सड़क के साथ डिवाइडर का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण से पहले पेड़ कटाई, बिजली के पोल शिफ्टिंग, पाइपलाइन और चेंबर से जुड़े जरूरी काम भी किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण के लिए जरूरी पेड़ कटाई की राशि, सड़क निर्माण के रास्ते में आने वाले बिजली के पोल को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए राशि और रोड निर्माण के दौरान पाइपलाइन और चेंबर से जुड़े कार्य के लिए भी संबंधित विभागों को राशि दी जा चुकी है।



