जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने किया रक्तदान, सेवा संकल्प अभियान में दिया मानवता का संदेश

बागबाहरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे 25वर्ष सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागबाहरा में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर जी ने स्वयं रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। इस अवसर पर बागबाहरा तहसीलदार श्रीमती प्रेरणा सिंह जी एवं एसडीएम श्रीमती नम्रता मारकोले जी ने भी रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। रक्तदान के पश्चात श्री ठाकुर ने कहा कि, रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का संकल्प है। स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि आवश्यकता के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की, टीम द्वारा रक्तदाताओं की, आवश्यक जांच एवं रक्त संग्रह की, प्रक्रिया संपन्न कराई गई।कार्यक्रम में डॉ. बी. एस. बड़ाई (बीएमओ), डॉ. एल. एल. धनकर (एमओ), डॉ. पी. चंद्राकर (एमओ), हेमकुमार सोनकर (बीपीएम), एम. चौधरी (बीईटीओ), आर. के. पैकरा (सुपरवाइजर), वीरेंद्र चंद्राकर, चंद्रप्रकाश टंडन, आघेश यादव, राजेश रात्रे, उजेश पटेल, हंसराज देवांगन एवं वेदप्रकाश बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भीखम सिंह ठाकुर ने रक्तदान कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागबाहरा के चिकित्सकों एवं समस्त स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता ही समाज को मजबूत बनाती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता समाज में सकारात्मक संदेश देती है। रक्तदान करें, जीवन बचाएं। सेवा से संकल्प, संकल्प से विकसित भारत।



