गांजा तस्करी पर बसना पुलिस का एक्शन, 10 किलो गांजे के साथ तखतपुर के 02 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओड़िशा की ओर से एक पल्सर बाइक (CG10 BV 9853) पर सवार दो युवक अवैध रूप से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। संदिग्ध बाइक को रोककर जब प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली गई, तो उसमें 10.100 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा पाया गया।
जप्त संपत्ति का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 5.60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की है:
गांजा: 10.100 किलो (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
वाहन: पल्सर NS 125 बाइक (कीमत 50,000 रुपये)
मोबाइल: 02 नग (कीमत लगभग 10,000 रुपये)

आरोपियों की पहचान
पकड़े गए दोनों आरोपी तखतपुर, जिला बिलासपुर के निवासी हैं:
भोजराज उर्फ रामू ठाकुर (20 वर्ष), साकिन टिकरीपारा, तखतपुर।
आकाश उर्फ अक्कु ठाकुर (20 वर्ष), साकिन टिकरीपारा, तखतपुर।
कानूनी कार्यवाही: थाना बसना में आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का यह “एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन” अभियान लगातार जारी है।



